सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को आध्यात्मिक ताकत के साथ-साथ आर्थिक ताकत का प्रमुख केंद्र बनाना है: मुख्यमंत्री
प्रदेश में 29,000 से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित, 1.27 लाख से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार मिल रहा है: मुख्यमंत्री
उत्तराखंड का निर्यात 2017-18 में 10,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया
1,100 करोड़ रुपये की लागत से खुरपिया में एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर विकसित किया जा रहा है; 25 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद
निर्यात तैयारी सूचकांक-2024 में हिमालयी एवं पर्वतीय राज्यों में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है
2030 तक 5 लाख ग्रामीण परिवारों को हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से जोड़ने का लक्ष्य; अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार दर्ज किया गया
सरकार उद्योगों के लिए नियामक नहीं, भागीदार और सुविधाप्रदाता के रूप में उद्यमियों के साथ हर कदम पर खड़ी रहेगी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होटल ताज मसूरी, देहरादून में ईईपीसी इंडिया द्वारा आयोजित 56वें उत्तरी क्षेत्र निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों एवं निर्यातकों को सम्मानित किया तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ईईपीसी इंडिया भारतीय इंजीनियरिंग उद्योग की प्रतिभा, कड़ी मेहनत और उत्कृष्टता को वैश्विक पहचान दिलाने में कई वर्षों से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने परिषद से जुड़े सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सम्मानित उद्यमियों और निर्यातकों ने अपनी कड़ी मेहनत, नवाचार और उत्कृष्ट उत्पादों के माध्यम से वैश्विक स्तर पर 'मेड इन इंडिया' को नई पहचान और प्रतिष्ठा दिलाई है।


