गोरखपुर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान कैम्पियरगंज के भारीवैसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। इतना ही नहीं, शिक्षा, सड़क, पेयजल और बाढ़ बचाव से जुड़ी 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत 792 करोड़ रुपये से अधिक है। खास बात यह है कि अकेले फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी के निर्माण पर 491 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। गोरखपुर के कैम्पियरगंज में बनने जा रहा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय पूर्वांचल के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लिए उच्च शिक्षा का नया केंद्र बनने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में देखे जा रहे इस विश्वविद्यालय का निर्माण भारीवैसी में 50 हेक्टेयर यानी लगभग 123 एकड़ जमीन पर कराया जाएगा
यूपी को मिलेगा पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय
इस विश्वविद्यालय में पारंपरिक कृषि शिक्षा से आगे बढ़कर वानिकी, औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई होगी। एग्रोफॉरेस्ट्री, फल उत्पादन और बागवानी जैसे क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों को विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा। यहां बीएससी, एमएससी और पीएचडी के साथ डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाने की योजना है। विश्वविद्यालय से डिग्री हासिल करने वाले विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा और क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण देने का प्रस्ताव भी है। ऐसे में यह संस्थान उच्च शिक्षा के साथ वन विभाग में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है
621 करोड़ की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास
विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुल 621.05 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने, बाढ़ से सुरक्षा मजबूत करने और बालिकाओं के लिए सुरक्षित शैक्षणिक माहौल तैयार करने से संबंधित कार्य शामिल हैं। बाढ़ बचाव से जुड़ी परियोजनाओं में रोहिन नदी के दाएं तट पर मछलीगांव अलगटपुर तटबंध के कलान नाले पर कल्यानपुर के पास पंपिंग स्टेशन का निर्माण भी शामिल है। इस पर 54.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं मानीराम-डोमिनगढ़ तटबंध पर सिउरिया गांव के पास 57.19 करोड़ रुपये की लागत से एक अन्य पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बारिश के मौसम में जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना और बाढ़ के खतरे से प्रभावित इलाकों को राहत पहुंचाना है
171 करोड़ की 39 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
शिलान्यास के साथ मुख्यमंत्री के हाथों 171.13 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी 39 परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी। इनमें सड़क संपर्क और बाढ़ से बचाव के कार्य प्रमुखता से शामिल हैं। राप्ती और रोहिन नदी के तटबंधों पर कटाव रोकने और उनकी मजबूती के लिए कराए गए कार्य भी लोकार्पण सूची का हिस्सा हैं। गाहांसाड़-कोलिया तटबंध पर उत्तरासोत के पास 17.38 करोड़ रुपये की लागत से कटाव निरोधक कार्य कराया गया है। वहीं मानीराम-डोमिनगढ़ तटबंध पर 8.41 करोड़ रुपये से स्लोप पिचिंग और बढ़या कोठा तटबंध पर 6.56 करोड़ रुपये से कटाव रोकने का काम पूरा कराया गया है। शहरी और कस्बाई क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुई हैं। अमृत 2.0 योजना के तहत पीपीगंज नगर पंचायत की पुनर्गठन पेयजल योजना के पार्ट-1 पर 34.36 करोड़ रुपये और पार्ट-2 पर 26.06 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री इन दोनों परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा गोरखपुर के लिए शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और बाढ़ सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण होने जा रहा है। एक तरफ प्रदेश को पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय मिलने की दिशा में कदम बढ़ेगा, तो दूसरी तरफ सड़क, पेयजल और तटबंधों से जुड़ी परियोजनाएं भी जनता को समर्पित होंगी। अब इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से स्थानीय लोगों को कितना लाभ मिलता है, इस पर सबकी नजर रहेगी


