Adarsh News Banner
देश

गोरखपुर में युवाओं को मिले टैबलेट, CM योगी ने गिनाईं उपलब्धियां

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से भारत माता की जय का उद्घोष कराकर की। इसके बाद…

गोरखपुर में युवाओं को मिले टैबलेट, CM योगी ने गिनाईं उपलब्धियां

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से भारत माता की जय का उद्घोष कराकर की। इसके बाद उन्होंने वंदे मातरम् और नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं बांसगांव सांसद कमलेश पासवान, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्यप्रताप शाही, मंत्री संजय निषाद, गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. रतन पाल सिंह, ध्रुव त्रिपाठी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विधायकगण, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज यहां गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे हैं। उन्होंने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं के चेहरे पर खुशी देखकर समाज में भी खुशी का वातावरण बनता है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना की शुरुआत के पीछे की परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के कारण शिक्षा व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी। परीक्षाएं कराना मुश्किल हो रहा था और विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति थी। उस समय एक वर्ष विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के अगली कक्षा में प्रोन्नत करना पड़ा था

मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर इस योजना की शुरुआत की गई थी। सरकार ने संकल्प लिया था कि आने वाले वर्षों में प्रदेश के दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए गए

पहले चरण में बड़ी संख्या में युवाओं को स्मार्टफोन मिले, लेकिन युवाओं की मांग थी कि उन्हें स्मार्टफोन के बजाय टैबलेट दिया जाए, ताकि वे पढ़ाई और करियर निर्माण के लिए इसका बेहतर इस्तेमाल कर सकें। इसी को ध्यान में रखते हुए दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरित करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक युवाओं को टैबलेट दिए गए थे और गोरखपुर में भी इसी क्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि सुबह से ही बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे

मुख्यमंत्री ने योजना के प्रभाव का उल्लेख करते हुए बताया कि आईआईएम लखनऊ के माध्यम से इस योजना का अध्ययन कराया गया था। उन्होंने कहा कि इस पहल का प्रभाव करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले चरण में टैबलेट और स्मार्टफोन प्राप्त करने वाले लगभग 60 लाख युवाओं में से 46 प्रतिशत ऐसे थे, जिन्होंने पहली बार किसी डिजिटल डिवाइस का इस्तेमाल किया था। आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के कारण उनके परिवार टैबलेट या स्मार्टफोन खरीदने में सक्षम नहीं थे

उन्होंने कहा कि डिजिटल डिवाइस मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, सीखने की क्षमता, कक्षा में भागीदारी, करियर के प्रति सोच और नेतृत्व क्षमता में सकारात्मक बदलाव आया। इसके साथ ही इन उपकरणों का उपयोग परिवारों ने ई-गवर्नेंस, डिजिटल भुगतान और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने में भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि टैबलेट केवल एक उपकरण नहीं है, बल्कि यह युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इसके माध्यम से वे घर बैठे ज्ञान, प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को दिए जा रहे टैबलेट में इंफोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक निशुल्क कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं। युवा अपनी रुचि और आवश्यकता के अनुसार इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने युवा साथी ऐप का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से बीए, बीएससी, एमए, एमएससी, बीटेक और अन्य डिग्री तथा डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले विद्यार्थी केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी का कैंपस प्लेसमेंट नहीं होता है तो वह रोजगार, प्रशिक्षण और इंटर्नशिप से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी इस ऐप के माध्यम से हासिल कर सकता है। इसमें छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी एक जगह उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है

उन्होंने युवाओं को डिजिटल साक्षरता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर बात सच नहीं होती। किसी भी वायरल सामग्री को पढ़ने, देखने या साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए। डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल हमें करना है, तकनीक को हमें अपने ऊपर हावी नहीं होने देना है। केवल रील देखने और सोशल मीडिया पर समय बिताने के बजाय युवाओं को अपने कौशल और भविष्य पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं को समझाया कि 30 सेकंड रील देखने के बजाय 30 मिनट और तीन घंटे अपने कौशल विकास में लगाने की आदत डालें

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान की बात का उल्लेख करते हुए कहा कि जो युवा एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे, उन्हें अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक संवैधानिक जिम्मेदारी भी है। हर युवा का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए

मुख्यमंत्री ने युवाओं से पूछा कि कितने लोगों ने अपनी मतदाता सूची में नाम चेक किया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं के नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, गलत नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज हैं तो आवश्यक प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें एक ही बूथ पर स्थानांतरित कराया जा सकता है। युवाओं को दिए गए टैबलेट का इस्तेमाल ऑनलाइन आवेदन के लिए भी किया जा सकता है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को अपने माता-पिता और बुजुर्गों से पूछना चाहिए कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति कैसी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में पहचान का संकट था

युवाओं को रोजगार नहीं मिलता था और दूसरे राज्यों में उत्तर प्रदेश के लोगों को भेदभाव का सामना करना पड़ता था। कई बार उन्हें किराये पर मकान, होटल या धर्मशाला में कमरा मिलने में भी परेशानी होती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय परीक्षाओं में नकल, मुन्ना भाई संस्कृति और भर्ती प्रक्रियाओं में धांधली की शिकायतें सामने आती थीं। आरोप लगते थे कि एक व्यक्ति परीक्षा देता था और नौकरी किसी दूसरे को मिल जाती थी। भर्ती प्रक्रियाओं में माफिया और सिंडिकेट का प्रभाव था। अपराध, गुंडागर्दी और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठते थे

उन्होंने कहा कि कई बार नौकरी की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी विवाद और मुकदमों के कारण नियुक्तियां अटक जाती थीं या रद्द हो जाती थीं। प्रदेश में सड़कों, बिजली, पानी, उद्योग, विश्वविद्यालयों, अच्छे कॉलेजों और खेल सुविधाओं की भी कमी थी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बेहतर हुआ है और युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरी देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले गोरखपुर के सांसद रवि किशन को फिल्मों की शूटिंग और काम के लिए मुंबई जाना पड़ता था, लेकिन अब गोरखपुर में भी फिल्मों की शूटिंग और फिल्मी गतिविधियां बढ़ी हैं

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सरकारी नौकरियों की भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने वर्ष 2017 में ही भर्ती बोर्डों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि नियुक्तियों में किसी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप, माफिया या दलालों का प्रभाव नहीं होना चाहिए।उन्होंने कहा कि यदि कोई भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करेगा तो उसकी संपत्ति जब्त करने और उसे गरीबों में वितरित करने तक की कार्रवाई की जाएगी

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले लगभग साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने हाल के दिनों में विभिन्न विभागों में हुई नियुक्तियों का विवरण भी दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 अगस्त को कृषि विभाग में 3,572 युवाओं को नियुक्ति दी गई। 19 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग में 818, 22 सितंबर को शिक्षा विभाग में 3,575 और 28 सितंबर को पंचायती राज विभाग में 1,375 युवाओं को नियुक्तियां दी गईं

उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से खेल कोटे के 470 खिलाड़ियों का चयन किया गया। 5 नवंबर को 28 फॉरेंसिक वैज्ञानिकों, 6 नवंबर को 4,543 उपनिरीक्षकों और 11 नवंबर को राजस्व विभाग में 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में ही 16 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में नियुक्तियां दी गई हैं। उन्होंने बताया कि लगभग आठ हजार लेखपालों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले सप्ताह तक उन्हें नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है

इसके अलावा 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सत्यापन की अंतिम प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवंबर के अंत या दिसंबर के पहले सप्ताह तक उन्हें नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने 42 हजार से अधिक होमगार्डों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी देते हुए कहा कि इनके नियुक्ति पत्र वितरण के लिए भी बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी तक हर पांच से सात दिन के अंतराल पर युवाओं को नियुक्ति पत्र देने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने पेपर लीक और भर्ती में धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाया है। उन्होंने बताया कि इस कानून के तहत दोषियों को आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये तक जुर्माना और उनकी संपत्ति जब्त करने जैसी कठोर कार्रवाई का प्रावधान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में नौकरी प्रतिभा और योग्यता के आधार पर मिलेगी, न कि पैसे या किसी की सिफारिश के आधार पर। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने का प्रयास जारी रहेगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा रहे हैं। उन्होंने देवउठनी एकादशी और अयोध्या की पंचकोसी परिक्रमा का उल्लेख करते हुए बताया कि इसमें लगभग 50 से 55 लाख श्रद्धालुओं ने भाग लिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दौरान प्रदेश में लगभग 67 हजार स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित की गईं और कहीं भी कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होंने विजयादशमी पर गांवों में आयोजित यज्ञ, रामलीलाओं और दीपावली के भव्य आयोजन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में अब त्योहारों के दौरान भय और अव्यवस्था के बजाय उत्सव का वातावरण दिखाई देता है

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले त्योहारों के दौरान कर्फ्यू और दंगों की आशंका बनी रहती थी, लेकिन आज स्थिति बदल गई है। उन्होंने कहा- नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज प्रदेश में महिलाएं, व्यापारी और आम नागरिक स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास का उदाहरण देते हुए एचसीएल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एचसीएल की शुरुआत वर्ष 1976 में कंप्यूटर निर्माण से जुड़ी इकाई के रूप में हुई थी, लेकिन वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में इसका अपेक्षित विस्तार नहीं हो पाया था

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद उन्होंने एचसीएल के अधिकारियों से मुलाकात की और कंपनी के परिसर का दौरा किया था। उस समय वहां लगभग 100 कर्मचारी काम कर रहे थे। मुख्यमंत्री के अनुसार, आज लखनऊ में एचसीएल टेक्नोलॉजी के केंद्र में लगभग 18 हजार कर्मचारी काम कर रहे हैं

उन्होंने एचसीएल, फॉक्सकॉन और सेमीकंडक्टर उद्योग में निवेश की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सेमीकंडक्टर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पहले इसका निर्माण दुनिया के कुछ ही देशों में होता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के कारण भारत में भी इस क्षेत्र में उत्पादन की दिशा में काम शुरू हुआ है

मुख्यमंत्री ने बताया कि आईटी और औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी काम कर रही हैं। कई महिलाएं तीन शिफ्टों में, यहां तक कि रात की शिफ्ट में भी नौकरी करती हैं। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने महिला कर्मचारियों से उनकी सुरक्षा और रात में घर लौटने के संबंध में पूछा तो उन्होंने बताया कि वे रात दो बजे तक भी लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई और उन्नाव जैसे स्थानों तक अपने घर जाती हैं और उन्हें रास्ते में परेशानी नहीं होती

मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपराधियों को चेतावनी दी है कि बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने वालों के लिए या तो जेल होगी या जहन्नुम। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं स्कूल, कॉलेज और कार्यस्थलों तक सुरक्षित पहुंच रही हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा और बेहतर माहौल के कारण निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं और इनके माध्यम से लगभग 65 लाख युवाओं को उनके गांव और घर के आसपास रोजगार के अवसर मिले हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में लगभग 9.75 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को रोजगार के लिए अपने घर और प्रदेश से दूर न जाना पड़े

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी गीडा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच दस वर्षों में यहां लगभग 29 से 30 करोड़ रुपये का निवेश हुआ था, जबकि वर्ष 2017 के बाद से अब तक लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है

मुख्यमंत्री के अनुसार, गीडा में स्थापित हो रही औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से पूर्वांचल के लगभग 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने बताया कि यहां सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क, वर्ल्ड बेवरेजेज, कोका-कोला और स्टील से जुड़ी कंपनियों सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हुई है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में नई फैक्ट्रियों और उद्योगों के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बन रहा है

मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में लगभग 120 स्टार्टअप थे, जबकि आज प्रदेश में 25 हजार से अधिक स्टार्टअप काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन स्टार्टअप के माध्यम से युवा और महिलाएं नए रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं

मुख्यमंत्री ने एमएसएमई और एक जिला एक उत्पाद यानी ओडीओपी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में छोटे और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनके अनुसार, इस क्षेत्र से लगभग 3.25 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले के पारंपरिक उत्पादों को पहचान दिलाने, उनकी गुणवत्ता सुधारने, पैकेजिंग, मार्केटिंग और तकनीक के माध्यम से बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है

मुख्यमंत्री ने वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन यानी एक जिला एक व्यंजन की अवधारणा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हर जिले की अपनी खानपान परंपरा और विशेष व्यंजन होते हैं। घरों में महिलाएं पारंपरिक रूप से कई प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करती हैं। उनकी इस कला को रोजगार और कारोबार का माध्यम बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन, गाइड सेवा, सर्विस सेक्टर, पारंपरिक उद्योगों और डिजिटल उद्यमिता के माध्यम से भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था में हुए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2016-17 में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगभग 12 लाख करोड़ रुपये की थी, जो अब बढ़कर लगभग 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का सकल राज्य घरेलू उत्पाद, प्रति व्यक्ति आय और बजट का आकार लगभग तीन गुना हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश में सबसे बड़े बजट वाले राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि पहले दूसरे राज्यों में उत्तर प्रदेश के लोगों को जिस नजर से देखा जाता था, आज स्थिति बदल चुकी है। अब दूसरे राज्यों के लोग उत्तर प्रदेश के लोगों से मिलना चाहते हैं और प्रदेश की बदलती पहचान को स्वीकार कर रहे हैं

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में है। उन्होंने दावा किया कि देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है।उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है। सभी जिला मुख्यालयों को फोरलेन सड़कों से जोड़ने और तहसील तथा ब्लॉक मुख्यालयों को दो लेन की सड़कों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कुल 17 एयरपोर्ट हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की पहचान से बाहर निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अब प्रदेश की पहचान अराजकता के बजाय सुशासन और अशांति के बजाय उत्सवों से जुड़ रही है। मुख्यमंत्री ने इस बदलाव के पीछे युवाओं की मेहनत और योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा हर मौसम और हर चुनौती में मेहनत करके विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश को कोई बीमारू नहीं कह सकता। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस की बीमारी का जिक्र करते हुए कहा कि यह बीमारी केवल मासूम बच्चों के जीवन के लिए खतरा नहीं थी, बल्कि उत्तर प्रदेश की पहचान पर भी सवाल खड़े करती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय उन्होंने जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के साथ मिलकर सड़कों पर आंदोलन किया था। उन्होंने कहा कि आज जब किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान देखते हैं तो मन को संतुष्टि मिलती है

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लोगों को भरोसा है कि उनके बच्चे सुरक्षित हाथों में हैं। उन्होंने दावा किया कि अब कोई बीमारी बच्चों के जीवन को पहले की तरह प्रभावित नहीं कर सकती और कोई माफिया सुरक्षा व्यवस्था में सेंध नहीं लगा सकता

मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले गोरखपुर क्षेत्र में बीआरडी मेडिकल कॉलेज ही प्रमुख चिकित्सा संस्थान था और उसकी स्थिति भी ठीक नहीं थी। उन्होंने बताया कि आज गोरखपुर में एम्स है और कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, सिद्धार्थनगर तथा बस्ती में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जाने का भी उल्लेख किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर में अब चार विश्वविद्यालय हैं और एक दिन पहले ही पांचवें विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया गया है। ये विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने वाले संस्थान नहीं होंगे, बल्कि शिक्षा, प्रतिभा और उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि पूर्वांचल के युवाओं को शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर न जाना पड़े

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के कौशल विकास और रोजगार को लेकर एक नई पहल की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर स्किलिंग एंड इम्प्लॉयमेंट जोन स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों पर आठवीं, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक या अन्य शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं को उनकी जरूरत और योग्यता के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई युवा जापान या जर्मनी जाना चाहता है तो उसे संबंधित देश की भाषा और वहां की इंडस्ट्री में आवश्यक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद युवाओं को जापान, जर्मनी या देश के भीतर उनकी पसंद के उद्योग और रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी काम को आगे बढ़ाने के लिए इच्छाशक्ति जरूरी है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जिन लोगों ने माफिया और अपराधियों को संरक्षण दिया, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, किसानों की खुशियां छीनीं और गरीबों की जमीनों पर कब्जे होने दिए, उनसे विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में हाल ही में हुई एक दुर्घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि दसवीं कक्षा का एक छात्र अपनी सातवीं में पढ़ने वाली छोटी बहन को केंद्रीय विद्यालय से लेने जा रहा था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के जुलूस के दौरान उस छात्र को कुचल दिया गया। उन्होंने पीड़ित परिवार का संबंध चौरी-चौरा के ऐतिहासिक आंदोलन से बताते हुए कहा कि यह परिवार महान क्रांतिकारी शिवपूजन सिंह के वंशजों से जुड़ा है

मुख्यमंत्री के अनुसार, चौरी-चौरा की घटना में जिन 172 लोगों को फांसी की सजा सुनाई गई थी, उनमें शिवपूजन सिंह भी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क पर चलने वाले आम लोगों की सुरक्षा से किसी को खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में अराजकता और गुंडागर्दी को स्वीकार न करने की बात कही और कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से अपने भविष्य की बेहतर योजना बनाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि जिन युवाओं का कैंपस सेलेक्शन नहीं हो पाता, वे प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और मुख्यमंत्री इंटर्नशिप योजना से जुड़ सकते हैं। इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को निश्चित मानदेय या स्टाइपेंड के आधार पर काम करने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें कार्य अनुभव हासिल करने और आगे रोजगार प्राप्त करने में मदद मिल सकती है

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने के लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड बनाया है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप केवल हार्डवेयर या सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी तक सीमित नहीं है। युवा वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन सहित किसी भी संभावनाशील क्षेत्र में अपना उद्यम शुरू कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे युवाओं को वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने के लिए तैयार है

मुख्यमंत्री ने स्वरोजगार योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए 5 लाख रुपये तक की सहायता गारंटी मुक्त और ब्याज मुक्त ऋण के रूप में मार्जिन मनी के साथ उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं के पास कारोबार शुरू करने के लिए शुरुआती पूंजी नहीं है, वे सरकार की सहायता से प्रशिक्षण लेकर अपना काम शुरू कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अब तक दो लाख युवाओं को इस योजना के तहत लाभ दिया जा चुका है। कार्यक्रम में युवाओं की भारी मौजूदगी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां 50 हजार से अधिक युवा पहुंचे हैं और लगभग 60 हजार लोगों ने पंजीकरण कराया है। बैठने की व्यवस्था 50 हजार लोगों के लिए की गई थी और सभास्थल की सभी कुर्सियां भरी हुई थीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन युवाओं को नौकरी प्राप्त करनी है, उन्हें उसकी तैयारी करनी चाहिए। इसके लिए प्रदेश सरकार ने अभ्युदय कोचिंग की व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि युवा किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए अभ्युदय कोचिंग से ऑनलाइन जुड़ सकते हैं। इसके साथ ही उन्हें केंद्रों पर जाकर भौतिक रूप से कक्षाओं में शामिल होने की सुविधा भी उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार इस सुविधा को हर जिले तक पहुंचा चुकी है और अब इसे प्रदेश के प्रत्येक विश्वविद्यालय तथा कॉलेज तक पहुंचाने का काम किया जाएगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के कौशल विकास और शिक्षा को लेकर कहा कि सरकार अभ्युदय कोचिंग की सुविधा को प्रदेश के प्रत्येक जिले तक पहुंचा चुकी है। अब इसे हर विश्वविद्यालय और कॉलेज तक पहुंचाने का काम किया जाएगा

उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 67 लाख युवाओं को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त करना और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन भी युवाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत का निर्माण करना है। युवाओं को दिए जा रहे टैबलेट का उद्देश्य केवल डिजिटल डिवाइस उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उसके माध्यम से उनके करियर को नई दिशा देना है। यही युवा आगे चलकर वर्ष 2047 में विकसित और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव बनेंगे

मुख्यमंत्री ने युवाओं से सवाल किया कि आज से 21 वर्ष बाद, जब वर्ष 2047 में देश अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा होगा, तब भारत कैसा होना चाहिए

उन्होंने कहा कि हमें ऐसा भारत बनाना है जो आत्मनिर्भर और विकसित हो। जहां हर युवा के हाथ में काम हो, अन्नदाता किसान के चेहरे पर खुशहाली हो, हर बेटी और प्रत्येक नागरिक आर्थिक रूप से स्वावलंबी हो सके। व्यापारी अपने उद्यम को आगे बढ़ा सके और उसके उत्पादों की पहुंच दुनिया के बाजारों तक हो। हर श्रमिक को सम्मानजनक मानदेय मिले

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में देश और प्रदेश का नेतृत्व आज के युवाओं के हाथों में होगा। इन्हीं युवाओं में से कोई प्रधानमंत्री बनेगा, कोई मुख्यमंत्री और मंत्री बनेगा, तो कोई कलाकार, प्रोफेसर, चिकित्सक, अधिवक्ता या न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं देगा। कोई अपना उद्योग स्थापित करेगा तो कोई स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार के अवसर पैदा करेगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि यह सब उनकी क्षमता और परिश्रम पर निर्भर करता है। इसलिए अपने आपको भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए तैयार करें और जीवन में कभी निराशा को जगह न दें

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय लोग मानते थे कि उत्तर प्रदेश कभी नहीं सुधरेगा, लेकिन आज प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आपने कभी उनके हाथ में डंडा नहीं देखा होगा, फिर भी इच्छाशक्ति के बल पर प्रदेश में बदलाव संभव हुआ है। मुख्यमंत्री ने इस बदलाव में युवाओं के माता-पिता, बड़े भाइयों और बहनों के योगदान तथा उनके परिश्रम को भी महत्वपूर्ण बताया

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश बनाना जरूरी है। उत्तर प्रदेश तभी आत्मनिर्भर बनेगा, जब गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर और देवरिया जैसे जिले भी आत्मनिर्भर और विकसित होंगे। इसके लिए सभी को मिलकर सामूहिक प्रयास करना होगा। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार युवाओं के करियर को उज्ज्वल बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी। सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी युवाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को कौशल विकास के साथ राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भागीदारी की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में युवा अपना करियर बनाना चाहते हैं, उस क्षेत्र की आवश्यक स्किलिंग हासिल करना बेहद जरूरी है।उन्होंने बताया कि वर्तमान में दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम चल रहे हैं। पहला जनगणना-2027 और दूसरा मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण यानी एसएसआर

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे उपलब्ध डिजिटल डिवाइस का उपयोग करते हुए जनगणना के स्वगणना कार्यक्रम में हिस्सा लें और यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम जनगणना में दर्ज हो। उन्होंने बताया कि दिसंबर से जनवरी के बीच घर-घर जाकर भी जनगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को निर्धारित समय के भीतर अपना नाम मतदाता सूची में हर हाल में दर्ज कराना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी यह प्रक्रिया सीमित अवधि के लिए है, इसलिए युवा इसे गंभीरता से लें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का नशा व्यक्ति के जीवन और भविष्य को बर्बाद कर सकता है। उन्होंने कहा कि नशा नाश का कारण है, इसलिए युवाओं को इससे पूरी तरह दूरी बनाकर रखनी चाहिए

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश सरकार माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है और अब नशे के कारोबारियों के खिलाफ भी सख्त अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग युवाओं के करियर और भविष्य के साथ खिलवाड़ करेंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस संकल्प के साथ काम शुरू कर दिया है

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए नौकरियों और रोजगार के अवसरों की कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रत्येक जिले में प्रस्तावित सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड इम्प्लॉयमेंट जोन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को आगे बढ़ाने में सहायक होंगे।उन्होंने युवाओं से अपील की कि उन्हें जो टैबलेट दिया जा रहा है, उसका बेहतर उपयोग करें। इसका इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि पढ़ाई, कौशल विकास, प्रशिक्षण और अपने करियर को बेहतर बनाने के लिए करें। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि डबल इंजन की सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देवउठनी एकादशी के अवसर पर युवाओं के बीच संवाद करना उनके लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी युवाओं को हृदय से बधाई और शुभकामनाएं दीं

Top Banner
टैग: News Desk
News Desk
संवाददाता

News Desk

News Desk आदर्श न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते हैं। खबरों को तथ्यों और संदर्भ के साथ पाठकों तक पहुँचाना उनका उद्देश्य है।