उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसरों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर क्षेत्र में एक बड़े निवेश की शुरुआत की। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल का ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट 1200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्थापित किया जाएगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परियोजना की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का उद्घाटन किया। करीब 100 एकड़ में बनने वाले इस प्लांट से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति से प्रदेश में निवेश का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। अगर यहां बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण होगा तो देश और विदेश में इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी।मुख्यमंत्री ने जेवर के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि कभी अपराध के लिए चर्चा में रहने वाला यह क्षेत्र आज निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा क्षेत्र के विकास से जेवर को औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है। सीएनएच का नया प्लांट भी इस औद्योगिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में पलायन, पिछड़ापन और कानून-व्यवस्था बड़ी चुनौतियां थीं, लेकिन अब उत्तर प्रदेश ने अपनी नई पहचान बनाई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस को प्रदेश की नई पहचान बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश डीरेग्युलेशन के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान पर है।मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जल्द ही ग्राउंड ब्रेकिंग के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। वहीं, एमएसएमई इकाइयों की संख्या बढ़कर एक करोड़ तक पहुंच गई है और स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो चुकी है।सीएनएच इंडस्ट्रियल का यह प्लांट कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक विनिर्माण को बढ़ावा देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस परियोजना से कृषि क्षेत्र को नई गति मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कंपनी प्रबंधन को प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित करने के लिए टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह, सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड और सीईओ गैरीट मार्क्स समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


