उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक नए सियासी गठबंधन की दस्तक होने जा रही है। असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और सांसद चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) गठबंधन का ऐलान करने जा रही हैं। इस गठबंधन को यूपी में तीसरे मोर्चे के रूप में देखा जा रहा है। दोनों दलों के साथ आने से प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों और संभावित चुनावी चुनौतियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
इस गठबंधन की सबसे अहम कड़ी दलित और मुस्लिम मतदाताओं का राजनीतिक समीकरण है। दोनों पार्टियों की नजर उस वोट बैंक पर है, जिसे अब तक समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस की राजनीति का महत्वपूर्ण आधार माना जाता रहा है। ऐसे में नए मोर्चे की एंट्री से इन दलों के सामने अपने पारंपरिक राजनीतिक आधार को लेकर नई चुनौती खड़ी हो सकती है।दरअसल, एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहे हैं। पार्टी ने मुस्लिम मतदाताओं की निर्णायक भूमिका वाली सीटों पर अपनी तैयारियां तेज की हैं। इसी रणनीति के तहत बहराइच की मटेरा, श्रावस्ती की भिनगा और कैराना से उम्मीदवारों के नाम भी घोषित किए जा चुके हैं।
ओवैसी की पिछली सभाओं में समाजवादी पार्टी निशाने पर रही है।वहीं, चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी दलित राजनीति के जरिए प्रदेश में अपना जनाधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में दोनों नेताओं का साथ आना दलित-मुस्लिम राजनीतिक एकजुटता की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।इस नए गठबंधन का असर प्रदेश की दो दर्जन से अधिक विधानसभा सीटों पर पड़ने की संभावनाओं को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, इसका वास्तविक प्रभाव गठबंधन की सीटों के बंटवारे, उम्मीदवारों के चयन और क्षेत्रीय रणनीति पर निर्भर करेगा।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ओवैसी और चंद्रशेखर की यह जोड़ी यूपी में तीसरे मोर्चे को मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित कर पाएगी? क्या दलित-मुस्लिम समीकरण प्रदेश की चुनावी राजनीति में नई भूमिका निभाएगा? और क्या इस गठबंधन से सपा, बसपा और कांग्रेस के सामने नई चुनौतियां खड़ी होंगी?फिलहाल, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर का साथ आना उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में गठबंधन की रणनीति और चुनावी तैयारियां तय करेंगी कि यह नया मोर्चा प्रदेश के सियासी समीकरणों को किस हद तक प्रभावित करता है।

